महराजगंज। बाजार होली के रंग में रंग गया है। जगह-जगह अबीर-गुलाल, रंग-बिरंगी पिचकारियां, टी-शर्ट से बाजार पट गए हैं। मोदी-योगी की तस्वीर वाली पिचकारी बच्चों को खूब भा रही है। साथ ही बेन टेन, मिकी माउस, हाथी आदि पिचकारी भी बच्चों के बीच आकर्षण का केंद्र है। वहीं, हर्बल अबीर, स्मोक अबीर, स्प्रे कलर की मांग अधिक है।
पिचकारियों की कीमत 20 रुपये से 1000 तक है। रंग के दुकानदार पप्पू, संदीप ने बताया कि होली पर सफेद टी-शर्ट की मांग ज्यादा रहती है। खासकर युवाओं में। टी-शर्ट की कीमत 150 से शुरू होकर 500 रुपये तक में उपलब्ध है। वहीं, मुखौटों में भूत-प्रेत वाले मुखौटे भी पसंद किए जा रहे हैं। इनकी कीमत 50 से शुरू है। इसके साथ ही लोग बाजे, सीटियां, रंग-बिरंगे कृत्रिम बाल आदि की खरीदारी के लिए भी पहुंच रहे हैं। पैकेट के खुशबूदार गुलाल लोग पसंद कर रहे हैं। लोगों के बीच होली पर बिना केमिकल के गुलाल की मांग ज्यादा है। इनकी कीमत 50 रुपये से 200 रुपये तक है। गुलाल के साथ ही विशेष प्रकार के स्प्रे भी उपलब्ध हैं।
पिचकारियां हुईं हाईटेक, सिलिंडर भी दमदार
पिचकारियां हाईटेक हो गई हैं। कुछ इस तरह की पिचकारियां भी आ गई है जो ऑटोमेटिक चलती हैं। उनमें रंग भरने के बाद उनका बटन दबाना होगा और जब तक उनमें रंग भरा रहता है, तब तक वे रंग फायर करती है। इसके अलावा रंग भरे सिलिंडर भी बाजार में छाए हैं। ये सिलिंडर आग बुझाने वाले सिलिंडर के बराबर हैं। पिन खींचते ही रंगों की फुहार शुरू हो जाती है। यह फुहार करीब आधे घंटे तक चलती रहती है।