जिला पंचायत सभागार में निगरानी समिति की बैठक में मौजूद सांसद पंकज चौधरी,डीएम,सीडीओ व समस्त विधायक।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। सांसद पंकज चौधरी ने कहा कि गांव में ही जरूरी प्रमाणपत्र प्राप्त करने व अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने या आॅनलाइन आवेदन के लिए जिले के सभी गांवों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ा जाएगा। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति तथा डीआरडीए की शासी निकाय की बैठक में उन्होंने बताया कि इस दिशा में कार्य भी शुरू हो गया है। परतावल ब्लाक के 76 एवं महराजगंज ब्लाक की 58 पंचायतों को आप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा। इसके लिए केबल पड़ गया है तथा टेस्टिंग की जा रही है। इसके साथ ही सिसवा, फरेंदा, पनियरा को 3जी सेवा से जोड़ने का काम चल रहा है। उन्होंने बीएसएनएल के जेटीओ एसके मिश्रा को सोनौली, नौतनवा एवं अन्य दूरस्थ स्थानों पर फोन सेवा में सुधार का निर्देश दिया।
सांसद ने कहा कि जिले के विकास के लिए हम सभी को मिल जुलकर प्रयास करना होगा। सभी विभागीय अधिकारी अपने कार्यालयों एवं कार्यक्रम के क्रियान्वयन में आने वाली दिक्कतों को लिखकर दे। उन्हें दूर कराने का प्रयास किया जाएगा। सीएमओ डा. आरके तिवारी को जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी पर सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। डाॅक्टर एवं स्टाफ की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीद का लक्ष्य पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना है। प्रधानमंत्री फसल बीमा का लाभ किसानों को दिलाएं। सर्व शिक्षा अभियान में उन्होंने स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने का निर्देश दिया है।
डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने सबका आभार जताया। कहा कि वन टांगिया के 18 गांव में स्कूल खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है। 20 मार्च को ओलावृष्टि से प्रभावित 26 गांव के किसानों के मुआवाजे के लिए शासन से 3.03 करोड़ रुपये आ गए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभुदयाल, विधायक बजरंग बहादुर सिंह, जयमंगल कन्नौजिया, ज्ञानंेद्र सिंह, प्रेमसागर पटेल, अमनमणि त्रिपाठी, एलएमसी प्रतिनिधि दयारथ प्रसाद विश्वकर्मा, त्रियुगी नारायण त्रिपाठी, ब्लाक प्रमुख हरिशंकर वर्मा, राम प्रकाश सिंह, उदय प्रताप सिंह, प्रधान श्रद्धा त्रिपाठी, विनीत पांडेय आदि ने संबोधित किया। संचालन डीएसटीओ दीपक पांडेय तथा पीडी आरएम उपाध्याय ने किया।
इसमें सीडीओ रामनेवास एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।