महराजगंज। हैलो...अपना बयान बदल दो नहीं तो जमानत पर छूटकर आऊंगा तो तुम्हारी लड़की के ऊपर एसिड डाल दूंगा। यह धमकी छेड़छाड़ सहित गंभीर धाराओं में बाल सुधार गृह भेजे गए बाल अपचारी ने पीड़िता की मां को मोबाइल फोन पर दी है। पनियरा पुलिस ने पीड़िता की मां के तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
संतकबीरनगर जिले के धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव के लड़के ने बेटी के छेड़छाड़ व गलत काम किया था। इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर बाल संरक्षण गृह गोरखपुर भेज दी। आरोप है कि वह हर दूसरे दिन मोबाइल पर फोन कर धमकी दे रहा है। मुकदमे में बयान बदल दो नहीं तो तुम्हारी लड़की को मैं नहीं छोडूंगा। जब मैं जमानत पर छूटकर आऊंगा तो उसके ऊपर ऐसिड फेक दूंगा। आरोपी के धमकी से उसका परिवार काफी डरा सहमा हुआ है।
पनियरा थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के अनुसार केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।