कर्मचारियों के बहिष्कार से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की जिला इकाई से जुड़े लोगों ने समान काम के लिए समान वेतन देने सहित अन्य मांगों के समर्थन में विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। इस दौरान संविदा कर्मियों ने आपातकालीन सेवाओं को छोड़ अन्य सारे काम ठप कर दिए। इससे जरूरी काम प्रभावित हुए। प्रदर्शनकारियों ने मांगें अविलंब पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। संविदा कर्मियों के आंदोलन के कारण स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
संगठन के महामंत्री प्रज्ञानंद सागर ने कहा कि समान कार्य समान वेतन के लिए आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए गए हैं लेकिन यह व्यवस्था लागू नहीं की जा रही है। उन्होंने आउट सोर्सिंग या ठेका प्रथा से कर्मचारियों की कमी की भरपाई पर रोक लगाने, संविदा स्वास्थ्य कर्मियों को ठेका सेवा से मुक्ति दिलाने की मांग की। कहा कि संविदा कर्मियों को जिला स्वास्थ्य समिति के अधीन किया जाना चाहिए। उन्होंने संविदा कर्मचारियों के स्थायी समायोजन की मांग भी की। इस मौके पर डॉ. हरिकेश चौधरी, डॉ. छाया यादव, डॉ. प्रीती, डॉ. विजय सिंह, हरिकेश यादव, लवली वर्मा, शिवेंद्र श्रीवास्तव, नवीन कुमार, सूर्य प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार संविदा पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। इस मौके पर डॉ. प्रदीप, डॉ. विशाल चतुर्वेदी, डॉ. अर्जुन, दिनेश वर्मा आदि मौजूद रहे। निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में संविदा कर्मचारियों ने चार सूत्री मांगों के समर्थन में धरना दिया। इस दौरान प्रदीप कुमार, विजय लक्ष्मी,संगीता, उमेश चंद आदि मौजूद रहे। नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में संविदा कर्मचारी संघ के लोगों ने कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। इस दौरान डॉ. संदीप सिंह, डॉ. जितेंद्र प्रसाद चौधरी आदि मौजूद रहे।