587 टीबी के मरीजों की सेहत में सुधार का दावा
10 से 23 अक्तूबर तक चलेगा टीबी रोगी खोज अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नियमित एवं समुचित इलाज से जिले के 587 टीबी रोगियों की सेहत में सुधार होने का दावा किया जा रहा है। अभी 1,625 मरीजों का इलाज जारी है। अन्य टीबी रोगियों को खोजने के लिए 10 से 23 अक्तूबर तक अभियान भी चलाया जाएगा।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सीमा राय ने बताया कि क्षय रोग उन्मूलन के विभाग प्रयासरत है। कहा कि अभियान के दौरान आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के अलावा एएनएम घर-घर जाएंगी तथा टीबी रोगियों के बारे में पता करेंगी। यदि किसी व्यक्ति में टीबी के लक्षण मिलेंगे तो उसके घर पर ही बलगम का नमूना जांच के लिए लिया जाएगा। बलगम की जांच में यदि कोई टीबी रोग से ग्रसित पाया जाएगा तो तत्काल उसका इलाज शुरू करा दिया जाएगा। कार्यक्रम समन्वयक हरिशंकर त्रिपाठी ने बताया कि जिले में कुल 2,112 टीबी रोगी पंजीकृत हैं। इनमें से 587 रोगी ठीक हो गए हैं, जबकि अब भी 1,625 मरीजों का इलाज चल रहा है। टीबी मरीजों का इलाज करने वाले निजी चिकित्सकों को भी 500 रुपये की धनराशि दी जाएगी। जिले में कुल 73 निजी चिकित्सक और 54 अस्पताल पंजीकृत हैं। यदि किसी भी निजी चिकित्सक द्वारा किसी टीबी मरीज का उपचार किया जाएगा तो उन्हें उक्त मरीज के बारे में राजकीय टीबी क्लीनिक को सूचना देनी होगी।