महराजगंज। स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से एक ही स्थान पर डटे डॉक्टर, फार्मासिस्ट के अलावा लिपिक और पैरामेडिकल स्टाफ का तबादला होगा। इसके लिए विभाग वर्ष 2023-24 के लिए तबादला सूची तैयार कर रही है। इस कार्रवाई की जद में युवती से छेड़छाड़ के आरोपी फार्मासिस्ट पर भी गाज गिर सकती है। क्योंकि वह लंबे समय से एक ही अस्पताल में तैनात है।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के फरमान के बाद लंबे समय से एक ही जगह डटे अधिकारियों में खलबली मच गई है। डॉक्टर संवर्ग की सूचना पहले ही भेजी जा चुकी है। अब फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ की सूची तैयार हो रही है।
सूत्रों की मानें तो लेवल फोर, लेवल टू और लेवल वन में करीब 28 डॉक्टर ऐसे हैं जो आठ से दस वर्ष से जिले में सेवा दे रहे हैं। फार्मासिस्ट और अन्य कर्मचारी भी लंबे समय से एक ही जिले में तैनात हैं। इनका तबादला नहीं हुआ है। अब इनकी सूची तैयार हो रही है। इसमें पद नाम, मंडल में तैनाती वर्ष, जिले में तैनाती वर्ष सहित 16 बिंदुओं पर सूचना मांगी गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीना वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा उत्तर प्रदेश लखनऊ की ओर से सूचना मांगी गई है। इसमें सभी डॉक्टर की सूचना पहले ही निदेशालय को भेजी जा चुकी है। पैरामेडिकल, फार्मासिस्ट की सूचना तैयार की जा रही है। जल्द ही सूचना निदेशालय को भेज दी जाएगी।