महराजगंज जिले में अनियंत्रित होकर बाइक लेहड़ा जंगल में गड्ढे में गिर गई। बाइक चला रहे पिता की मौत हो गई। जबकि पीछा बैठा बेटा घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, पीपीगंज थाना क्षेत्र के भरवल निवासी 45 वर्षीय राम चिह्न यादव 18 वर्षीय बेटे राजकमल यादव के साथ लेहड़ा दुर्गा मंदिर में नई बाइक की पूजन कराने गए थे। लौटते वक्त लेहड़ा जंगल में सामने जानवर आ जाने से अनियंत्रित होकर बाइक गड्ढे में गिर गई। इससे पिता-पुत्र को गंभीर चोटें आईं। बेटे की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सीएचसी बनकटी ले गई। चिकित्सकों ने राम चिह्नह यादव को मृत घोषित कर दिया।
रामचिह्न की मौत की खबर मिलते ही परिजनों मेंं कोहराम मच गया। थोड़ी ही देर में काफी संख्या में लोग अस्पताल पर पहुंच गए। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बृजमनगंज संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एक माह पहले सऊदी से घर आए थे राम चिह्न
भरवल निवासी राम चिह्न सऊदी अरब से करीब एक माह पहले घर आए थे। लोगों के अनुसार वह काफी मिलनसार स्वभाव के थे।