सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में सोमवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सोनबरसा निवासी 14 वर्षीय ब्रह्मानंद अपने रिश्तेदार, बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा निवासी 25 वर्षीय अमर के साथ बेलवा घाट से पूजा सामग्री खरीदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से बाइक से आ रहे चिउटहां निवासी 30 वर्षीय जावेद से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। जावेद अपनी बहन के घर ढोलहा जा रहा था।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में तीनों के एक-एक पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।