परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के छपिया में स्थित एचडीएफसी बैंक में मंगलवार को डीजल समाप्त हो जाने के कारण बैंकिंग व्यवस्था कई घंटों तक प्रभावित रहीं। सुबह 11 बजे बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद जनरेटर चलाया गया तो डीजल खत्म होते ही 15 मिनट बाद वह बंद हो गया। इसके बाद पूरे दिन बैंक का सर्वर, लेनदेन प्रणाली और अन्य ऑनलाइन सेवाएं ठप हो गईं। अचानक कामकाज रुकने से बैंक पहुंचे ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कई ग्राहक घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे लेकिन सेवा बहाल नहीं होने से उन्हें मायूस लौटना पड़ा। लखिमा निवासी सुनील उपाध्याय ने बताया कि उन्हें गोरखपुर के एक अस्पताल में इलाज के लिए तत्काल दो लाख रुपये भेजने थे। बैंकिंग सेवा बंद होने के कारण भुगतान नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि समय पर पैसा न पहुंच पाने से काफी परेशानी हुई। अन्य ग्राहकों ने भी बैंक प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शाखा में वैकल्पिक व्यवस्था पहले से होनी चाहिए थी ताकि तकनीकी या बिजली संबंधी समस्या के दौरान ग्राहकों को दिक्कत न उठानी पड़े। लोगों ने बैंक में पर्याप्त डीजल भंडारण और बैकअप व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं बैंक प्रबंधक अखिलेश श्रीवास्तव का कहना है कि डीजल समाप्त हो जाने से जनरेटर बंद हो गया था, जिससे थोड़ी परेशानी हुई। डीजल की व्यवस्था कर जल्द से जल्द बैंकिंग सेवा सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।