गडौरा चीनी मिल मे घटतौली को लेकर प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
ठूठीबारी। बुधवार को गड़ौरा जेएचवी चीनी मिल में घटतौली का आरोप मढते हुए किसानों ने हंगामा कर दिया। साथ ही मिल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गन्ना तौल और पेराई को बंद कराने के बाद प्रदर्शन किया। किसानों ने ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी बृजनंदन सिंह को तहरीर देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र के गड़ौरा स्थित जेएचवी चीनी मिल में गन्ना लेकर आये ग्राम सभा चरभरियां थाना निचलौल निवासी किसान अमर मद्धेशिया दो पहिया ट्राली पर लदा गन्ना को निचलौल स्थित धर्मकांटा से तौल कराया तो 108 कुंतल 20 किलो गन्ना का वजन हुआ। मिल परिसर के तौल सेंटर पर वजन केवल 104 कुंतल 30 किलो बताया गया।
बजहा निवासी लक्ष्मण प्रसाद मद्धेशिया की ट्राली पर लदा गन्ना निचलौल धर्मकांटे पर तौल हुआ तो 117 कुंतल 70 किलो गन्ने का वजन आया। चीनी मिल के कांटे पर 113 कुंतल 20 किलो वजन हुआ। अमर मद्धेशिया का 3 कुंतल 90 किलो व लक्ष्मण प्रसाद मद्धेशिया 4 कुंतल 50 किलो गन्ना कम देख किसानों ने हंगामा कर तौल सेंटर व गन्ना पेराई बंद करा दिया।
किसानों का हंगामा देख चीनी मिल के जीएम कर्मवीर सिंह, मुख्य प्रबंधक वीएन सिंह मौके पर पहुंच किसानों की समस्या को निस्तारण की बात कहने लगे लेकिन किसान नहीं माने। सिसवां केन यूनियन चेयरमैन राजेश्वर त्रिपाठी संबंधित अधिकारियों से किसानों की समस्या अविलंब निस्तारण करने की मांग की।
मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी बृजनंदन सिंह मामले की सत्यता जानने के लिए ट्राली का निचलौल धर्मकांटे पर दोबारा तौल कराने भेजा तो मिल का वजन गलत निकला। इसको लेकर किसान कार्रवाई की मांग करने लगे। इस दौरान सुबाष पाल, मोहन रौनियार, छांगुर, विजय गुप्ता, सूरज, भोला, अशोक, ईश्वर कुशवाहा, रमेश चौहान आदि मौजूद रहे।