महराजगंज। आधी आबादी को हर क्षेत्र में बराबरी का अधिकार है। बाइक और कार चलाने में भी इनकी दक्षता दिखती है। जनपद में लगभग 10 हजार से अधिक महिलाएं स्कूटी या बाइक चलाती हैं, लेकिन अगर लाइसेंस की बात करें तो जनपद में सिर्फ 4191 डीएल ही महिलाओं के लिए जारी है, जबकि बड़ी संख्या में स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग में आधी आबादी की तैनाती है और वह स्कूटी अथवा कार खुद ड्राइव कर कार्यस्थल से घर आती-जाती हैं।
जिले की महिलाएं स्कूटी से फर्राटा भर रही हैं, लेकिन लाइसेंस लेने में पीछे हैं। जनपद में जहां 4.40 लाख पुरुष डीएल धारक हैं। वहीं महिलाओं को जारी लाइसेंस पांच हजार से भी कम है। 637 महिलाओं ने इसी वर्ष 2025 में लाइसेंस हासिल किया है। 2023 में 449 तो 2024 में 468 की संख्या में महिलाओं के डीएल जनपद के उप संभागीय परिवहन कार्यालय से जारी हुए।