सीडीओ के समक्ष समूह की महिलाओं ने किया हंगामा
परतावल(महराजगंज)। ब्लॉक परिसर में मंगलवार दोपहर बाद सीडीओ गौरव सिंह सोगहरवाल के समक्ष स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने हंगामा किया। महिलाओं ने आरोप लगाया गया कि सामुदायिक शौचालय की देखरेख के लिए पुराने स्वयं सहायता समूह की महिला का चयन होना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। महिलाओं ने ब्लॉक में तैनात ब्लॉक मिशन प्रबंधक पर धांधली का आरोप लगाया है। सीडीओ ने मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके बाद महिलाएं शांत हुईं।
ग्राम सभा सोहवल में बने सामुदायिक शौचालय की देखरेख के लिए गांव में संचालित उजाला स्वयं सहायता समूह को जिम्मेदारी दी गई है। जबकि इसके लिए समूह सखी ने लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह तथा संत रविदास स्वयं सहायता समूह का नाम प्रस्तावित किया था। समूह सखी पुष्पा राय ने बताया कि गांव में 13 समूह संचालित हैं। गांव में बने सामुदायिक शौचालय की देखरेख के लिए समूह का चयन करना था। इसके लिए गांव में खुली बैठक की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि शौचालय की जिम्मेदारी लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह को दी जाए। लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह के सभी दस्तावेज तैयार कर लिए गए, लेकिन बिना किसी को बताए शौचालय की जिम्मेदारी उजाला स्वयं सहायता समूह को दे दी गई। इस दौरान नमिता, बबिता, प्रमिला, अनारकली, रूपा देवी, मीरा, कमलावती, आरती, सरस्वती, रिंकी, कौशिल्या, सुनीता, सरिता, नीता, कमलावती, कोइली, संजावती, धानमती आदि मौजूद रहीं। सीडीओ गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी।