द्वितीय पाली में पीईटी देने आये विद्यार्थी जिला पंचायत रोड़ पर बैठे हुए।
यूपीएसएसएससी की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा ने सिर्फ परीक्षार्थियों ही नहीं अभिभावकों का भी कड़ा इम्तिहान लिया। जिन महिला अभ्यर्थियों के छोटे-छोटे बच्चे थे, वे परीक्षा केंद्र के अंदर सवाल हल कर रही थीं तो बाहर मासूमों को संभालने के लिए नानी-दादी, बुआ व मौसी आदि रिश्तेदार तमाम तरह के उपाय करती रहीं। इस दौरान मौसम सामान्य रहने से बच्चों को संभालने में बड़ी राहत मिली।
जिला परिषद रोड पर मासूम के साथ उसकी मां और नानी का बड़ा ही मनोरम दृश्य दिखा। बस्ती से दूसरी पाली में परीक्षा देने आईं पूर्णिमा का परीक्षा केंद्र महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में पड़ा था। वह बच्चे को गोद में थामे हुई थीं। इस दौरान मासूम की खिलखिलाहट के लिए उसे मोबाइल पर मीम्स दिखाती रहीं।
बच्चे को गर्मी न लगे, इसके लिए बगल में बैठीं नानी हाथों में रेडिमेड पंखा चलाकर बच्चे की ओर किए रहीं। कमोबेश ऐसी ही स्थिति सभी केंद्रों के बाहर दिखी। परीक्षा से पहले मां तो उसके बाद साथ में आईं महिला या पुरुष रिश्तेदार बच्चों को संभालते रहे। गोरखपुर विश्वविद्यालय केंद्र पर भी ऐसा ही नजारा था।
मेन गेट के सामने स्थित पंत पार्क में बड़ी संख्या में लोग छोटे-छोटे बच्चों को संभालते दिखे। दोपहर में बारिश के कारण थोड़ी दिक्कतें हुईं लेकिन उससे पहले और बाद तापमान सामान्य होने के कारण काफी राहत रही।