- छत्रपति शाहूजी महराज स्टेडियम में हो रही है पुलिस विभाग की जोन स्तरीय इंटर डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन स्पर्धा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। छत्रपति शाहूजी महराज स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए पुलिस विभाग की जोन स्तरीय इंटर डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन स्पर्धा के महिला वर्ग की टीम चैंपियनशिप में गोरखपुर की नंदिनी यादव व दीक्षिता सिंह ने बहराइच की शचि पटेल व शशिप्रभा को 31-19 व 31-24 से हरा दिया।
महिला वर्ग के एकल फाइनल मुकाबले में गोरखपुर की नंदिनी यादव ने संतकबीरनगर की सरिता नागवंशी को 31-25 से हराया। महिलाओं के वेटरन मुकाबले में संतकबीरनगर की सरिता नागवंशी व कुशीनगर की शीला यादव ने बहराइच की संगीता राय व विद्या निषाद को 2-0 से हराया। पुरुष वर्ग के एकल मुकाबले में बस्ती के दुर्गेश ने बहराइच के मिथिलेश राय को 21-8 व 21-14 से हराया।
युगल मुकाबले में बस्ती के दुर्गेश व राकेश यादव की टीम ने बहराइच के मिथिलेश व रजनीश की जोड़ी को 21-16 व 21-18 से हराया। टीम चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला शनिवार को बस्ती व महराजगंज के बीच खेला जाएगा। दूसरे दिन अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक अजय सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक आनंद गुप्ता, प्रतिसार निरीक्षक व उप निरीक्षक रामानंद यादव आदि मौजूद रहे।