शहर-गांव हर जगह बिक रहे पॉलिथीन में सामान
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। तमाम कोशिशों के बावजूद शहर से लेकर गांव तक पॉलिथीन का प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है। यह स्थिति तब है जबकि इसके उपयोग पर प्रतिबंध के बाद से अधिकारी कई बार अभियान चला चुके हैं। दुकानदार ग्राहकों को पॉलिथीन में सामान दे रहे हैं।
शहर में रहने वाले तमाम लोग पॉलिथीन के प्रयोग से परहेज नहीं कर रहे हैं। बाजार पहुंचने वाले तमाम लोग प्रतिबंधित पॉलिथीन में गृहस्थी का सामान लेकर आते दिख जाएंगे। पॉलिथीन में सामान की बिक्री पर नजर रखने के लिए नगर पालिका परिषद को जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारी भी समय-समय पर अभियान चलाकर पॉलिथीन की बिक्री पर रोक लगाए जाने का दावा कर रहे हैं। इसके बावजूद इसका प्रयोग धड़ल्ले से जारी है। जानकारों का कहना है कि अब भी हर रोज करीब दो क्विंटल पॉलिथीन की खपत हो रही है। शहर के मुख्य चौराहों हनुमान गढ़ी, मउपाकड़ के अलावा अन्य स्थानों पर खुलेआम पॉलिथीन की बिकी की बात कही जा रही है। एडीएम इंद्र भूषण वर्मा का कहना है कि पॉलिथीन पर प्रतिबंध लगाया है। समय-समय पर जांच कर कार्रवाई भी की गई है। शहर क्षेत्र में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। उनका कहना है कि लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।