गोंड समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया प्रदर्शन
महराजगंज। गोंड समाज के लोगों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से गोंड समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
राकेश, रोहित व मनोज ने कहा कि तहसील सदर, निचलौल, फरेंदा, नौतनवां में गोंड़ अनुसूचित जनजाति वर्ग के अंतर्गत आते हैं। लेकिन, जिम्मेदारों द्वारा अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा रहा है। गोंड समाज के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। तहसीलदार, हल्का लेखपाल द्वारा कहा जा रहा है कि कोई लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में गोंड जाति का जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं कर सकते। गोंड जनजाति वर्ग के अधिकार का हनन किया जा रहा है। गोंड समाज को अनुसूचित जनजाति का जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ तो कलेक्ट्रेट परिसर में आमरण अनशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोंड समाज के हित के लिए जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। गोंड समाज अपने अधिकार की लडाई लड़ने के लिए संघर्ष करने को तैयार है। इस दौरान शिवम, विनोद कुमार, गंगा राम, नागेश्वर, सूरज, सोनू, कन्हैया, जयनेंद्र, धीरज, आशीष, उर्मिला आदि मौजूद रहे।