पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम ने आनंदनगर रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
जिला अपराध निरोधक समिति के पदाधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन
फरेंदा। रेल महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर ने शुक्रवार को आनंदनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों सहित सफाई व्यवस्था को देखकर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
रेल महाप्रबंधक गोरखपुर उदय बोरवणकर दिन में करीब साढ़े 11 बजे स्पेशल ट्रेन से पहुंचे। उन्होंने रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के मानचित्र का अवलोकन किया और निर्माण कार्यों को जांचा। उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग से विस्तार पूर्वक सभी निर्माण कार्यों पर चर्चा करते हुए पोर्च, एंट्री सड़क तक जाकर ग्रीन पार्क एवं यार्ड निर्माण पर चर्चा कर कई बिंदुओं पर इंजीनियरिंग विभाग के तकनीकी एवं सिविल अधिकारियों को और बेहतर करने के लिए आवश्यक निर्देश दिया। महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल पुलिस चौकी, वाणिज्य कक्ष एवं स्टेशन अधीक्षक कक्ष का भी निरीक्षण करते हुए सभी को जरूरी निर्देश दी।
इस दौरान जिला अपराध निरोधक समिति महाराजगंज व रेल परामर्श दात्री समिति के सदस्यों ने ज्ञापन देकर कहा कि माल गोदाम को हटाकर पुरानी जगह किया जाए, ओवरब्रिज को पश्चिम तरफ बढ़ाया जाए और यात्रियों की सुविधा के लिए एक ट्रेन पटना होते हुए गया तक चलाया जाए। साथ ही आनंदनगर से नौतनवा के लिए एक ट्रेन और चलाने की मांग की गई। साथ ही लेहड़ा रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनों के ठहराव को लेकर सभी लोगों ने महाप्रबंधक को ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में सुधेश मोहन श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार पांडेय, विनय कुमार श्रीवास्तव, रमेश चंद्र श्रीवास्तव, पूर्व सभासद रवि पासवान व ऋषि चौरसिया और स्टेशन सलाहकार समिति जयंती प्रसाद मौर्य शामिल रहे। इस दौरान डीआरएम गौरव अग्रवाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अभय गुप्ता, नीलमणि, पंकज कुमार सिंह एवं स्टेशन अधीक्षक ओपी त्रिपाठी,दयाशंकर दूबे, जितेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।