मंदिर में शादी रचाने की दिखाने लगी तस्वीर, नाबालिग बताई जा रही है प्रेमिका
संवाद न्यूज एजेंसी
ठूठीबारी। क्षेत्र के ईंट भट्ठे पर बुधवार को एक लड़की अपने माता-पिता के साथ पहुंचकर प्रेमी के साथ रहने पर अड़ गई। प्रेमिका का हंगामा देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। वह मंदिर में शादी करने की प्रेमी के साथ शादी करने की तस्वीर भी दिखाने लगी। भट्ठे पर हंगामे की जानकारी होने के बाद युवक की मां व मौसी भी पहुंची। शादी की तस्वीरों पर यकीन न करते हुए प्रेमिका के परिजनों से बहस करने लगीं। प्रेमी, प्रेमिका को साथ रखने को तैयार था। लेकिन, उसके परिजन इस बात पर राजी नहीं थे।
जानकारी के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर सभी मजदूर काम कर रहे थे। उसी दौरान बरगदवां थाना क्षेत्र की एक लड़की अपने माता-पिता के साथ ईंट भट्ठे पर पहुंची। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र निवासी अपने प्रेमी के बारे में पूछताछ कर ही रही थी। उसी दौरान उसका प्रेमी दिख गया। वह दौड़कर उसके गले लग गई और प्रेमी के घर जाने की जिद करने लगी। बताया जा रहा है कि प्रेमिका नाबालिग है।
यह देख सभी चकित हो गए। किसी ने इसकी सूचना लड़के के परिजनों को दे दी। मौके पर पहुंची लड़के की मां व मौसी अपने लड़के के साथ लड़की को ले जाने से इन्कार करने लगे तो प्रेमिका क्षेत्र के मंदिर में शादी करने की तस्वीर भीड़ को दिखाने लगी। युवक पक्ष के लोग लड़की को अपनाने से कतरा रहे हैं। प्रेमिका अपने प्रेमी के संग जाने के लिए जिद पर अड़ी हुई थी। दोनों रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। ठूठीबारी के कोतवाल जेपी सिंह यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।