शादीशुदा के साथ रहने के लिए प्रेमिका ने जिद की
निचलौल। थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोस के रहने वाले प्रेमी प्रेमिका का मामला शनिवार को सामने आया है। दोनों के बीच कई वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी बीच प्रेमी ने दूसरी जगह शादी भी रचा ली। इसके बाद भी प्रेमिका से उसका चक्कर चलता रहा। दरअसल, प्रेमिका अब बालिग होते ही प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई है।
उधर, प्रेमी की पत्नी को जब इस बात की भनक लगी तो उसने थाने पहुंचकर इसका विरोध करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। जानकारी के मुताबिक, गांव में प्रेमी व प्रेमिका का आसपास घर है। पहले भी प्रेमिका अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर भागी थी। लेकिन, युवती के घर वालों ने जब उस समय पुलिस से शिकायत की।
उस समय मामला सुलझ गया था। अब लड़की बालिग हो गई है तो वह अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद में आकर शुक्रवार को प्रेमी के घर चली गई। प्रेमी की अनुपस्थिति में उसकी पत्नी से कहा कि अब वह बालिग हो गई है और प्रेमी के साथ रहेगी। युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर मामले को सुलझाने की मांग की।
इंस्पेक्टर रामाज्ञा सिंह ने बताया कि युवक पहले से शादीशुदा है। वह पहली पत्नी के रहते बिना उसकी अनुमति के दूसरी शादी नहीं कर सकता। दोनों पक्षों को समझा बुझाकर घर वापस भेज दिया गया है।