जानकारी के अनुसार, बृजमनगंज के नौसागर टोला कुआडाढ़ी की रहनेवाली अनुराधा (19) आनंदनगर पीएसएम डिग्री कॉलेज में बीएड की छात्रा है। मंगलवार सुबह वह घर से स्कूटी से कॉलेज जाने के लिए निकली। रास्ते में वह बृजमनगंज सीएचसी रुकी। ओपीडी में पर्ची कटवाई। चिकित्सक को दिखाने के बाद दवा काउंटर पर गई। वहां पर्ची जमा की, लेकिन दवा नहीं ली। पर्ची वहीं छोड़ वह निकल गई।
बताया जा रहा है कि सीएचसी से निकलने के बाद छात्रा अपनी स्कूटी खड़ी कर टहलते हुए किसी से फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान करीब 50 मीटर दूर वह रेलवे ट्रैक के पास आ गई और तभी उधर से गुजरी बढ़नी-नकहा जंगल डेमू स्पेशल ट्रेन की चपेट में आ गई। इससे उसके दोनों पैर कट गए। राहगीरों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और घरवालों को सूचना दी।
डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद छात्रा को मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। छात्रा के पिता शिव प्रसाद अग्रहरि ने बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। इसीलिए हो सकता है काॅलेज जाने से पहले सीएचसी गई हो।