कोल्हुई क्षेत्र के एक गांव में घटना के बाद मौके पर जांच करते एसपी प्रदीप गुप्ता व सीओ फरेंदा।
- फोटो : MAHARAJGANJ
किशोरी का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म
महराजगंज/कोल्हुई। थानाक्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात एक किशोरी का अपहरण कर तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद फरार हो गए। बृहस्पतिवार सुबह किशोरी गांव के एक मकान में बेहोश मिली। यह खबर लगते ही पुलिस हरकत में आ गई। आरोपितों के परिजनों को पकड़ कर थाने ले गई। एसपी प्रदीप गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। मतहतों को आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
पीड़िता की मां के अनुसार कोल्हुई क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात घर के लोग सोए थे। आरोप है कि घर से तीन युवक जबरन लड़की को उठाकर एक मकान में ले गए, जहां तीनों युवकों ने बारी-बारी से किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया। जब घरवालों की नींद खुली तो नाबालिग लड़की को खोजने लगे। काफी तलाश के बाद सुबह गांव के एक मकान में लड़की बेहोश मिली। होश आने पर उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। चर्चा है कि दो आरोपी उसी गांव के रहने वाले हैं। जबकि तीसरा आरोपी बगल के गांव का है। तीनों में गहरी दोस्ती है। पुलिस किशोरी को पूछताछ के लिए थाने ले आई। पुलिस आरोपितों की धरपकड़ के लिए लगातार छापा डाल रही है। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस कार्रवाई में जुटी है। इस संबंध में सीओ सुनील दत्त दूबे ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोरित तीन युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है। लड़की को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।