महराजगंज। राजकीय कन्या इंटर काॅलेज पनियरा में अत्याधुनिक प्रयोगशाला के साथ-साथ एक मल्टीपर्पज हाल का निर्माण कार्य होगा। इसके लिए 87.6 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से 41.25 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। निर्माण कार्य के लिए कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को जिम्मेदारी देते हुए कार्य शुरू कराने के लिए निर्देशित किया गया है। दो माह के भीतर निर्माण पूर्ण कराकर हैंडओवर करने के लिए निर्देशित किया गया है।
पनियरा में संचालित राजकीय कन्या इंटर काॅलेज में पढ़ने वाली बेटियों को अब प्रयोगशाला के माध्यम से विभिन्न विषयों में प्रयोग कर जानकारी हासिल करने की सुविधा मिलेगी। यहां भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जंतु विज्ञान तथा गृह विज्ञान के लिए अलग-अलग प्रयोगशाला का निर्माण होगा। साथ ही प्रयोगशाला को जरूरी संसाधन और उपकरणों से भी लैस किया जाएगा। प्रत्येक विषय की प्रयोगशाला में बेहतर जानकारी प्राप्त करने के लिए एक-एक कंप्यूटर मानिटर की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए इंटरनेट की सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी, जिससे जरूरी परीक्षण व परिणाम के विषय में बालिकाएं विस्तृत जानकारी हासिल कर सकें।
इस कार्य को पूर्ण करने के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने 41.25 लाख रुपये अवमुक्त करते हुए कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को निर्माण कार्य पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया गया है। अत्याधुनिक प्रयोगशाला व्यवस्था के साथ यहां एक बहुउद्देशीय हाल का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे किसी प्रकार का कार्यक्रम, बैठक, प्रशिक्षण, सेमिनार इत्यादि करने में स्थान की किल्लत न महसूस होने पाए। कार्यदायी संस्था को दो माह में कार्य पूर्ण कराकर विभाग को हैंडओवर करने के लिए निर्देशित किया गया है।
राजकीय बालिका इंटर काॅलेज पनियरा में विज्ञान विषय के प्रयोगशाला की व्यवस्था के लिए प्रोजेक्ट अलंकार के तहत धनराशि स्वीकृत करते हुए 41.25 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। प्रयोगशाला के साथ यहां एक बहुउद्देशीय हाल का निर्माण भी कराया जाएगा।
-प्रदीप कुमार शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक