संयंत्र लगाने के लिए फरेंदा और महराजगंज में जमीन चिह्नित
पाइपलाइन के माध्यम से पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पहुंचाई जाएगी
गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच राहत भरी खबर
महराजगंज। वर्तमान समय में रसोई गैस की किल्लत से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। कैंपियरगंज से फरेंदा होते हुए महराजगंज तक गैस पाइप लाइन बिछाई जा रही है। पाइपलाइन बिछने के बाद घर-घर पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति की जाएगी। आन्नद नगर में लगभग तीन हजार लोगों को गैस की आपूर्ति भी मिल रही है।
भारत सरकार ने रसोई गैस सिलिंडर (एलपीजी) पर निर्भरता कम करने के लिए पूरे देश में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का नेटवर्क बिछाने का काम तेज कर दिया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य घरेलू ईंधन की आपूर्ति को सुगम बनाना और अंतरराष्ट्रीय संकटों के दौरान गैस की कमी से बचना है। इस समय ईरान-इस्राइल और अमेरिका में युद्ध के कारण लोगों को घरेलू गैस सिलिंडर नहीं की किल्लत है। इस बीच लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की ओर से कैंपियरगंज से फरेंदा होते हुए महराजगंज तक तेजी से पाइपलाइन बिछाई जा रही है।
फरेंदा में संयंत्र लगाने के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। वहीं महराजगंज के बैकुंठपुर में जमीन चिह्नित कर ली गई है। लेकिन अभी तक पेमेंट नहीं किया गया है। पेमेंट होने के बाद पीएनजी स्टेशन बनाने का रास्ता साफ हो जाएगा। गोरखपुर समेत कई जनपदों में पीएनजी का उपभोक्ता लाभ उठा रहे हैं। अब महराजगंज भी इससे अछूता नहीं रहेगा। पाइप लाइन से गैस की आपूर्ति शुरू होते ही लोगों को काफी राहत मिल जाएगी।
जिले में 47 गैस एजेंसियां संचालित
जिले में 47 गैस एजेसियां संचालित हैं। इसमें घरेलू 628378 व व्यावसायिक 658 उपभोक्ता हैं। पाइप लाइन बिछने के बाद इनको काफी राहत मिल जाएगी। दौड़-भाग नहीं करना पड़ेगा। पीएनजी कनेक्शन मिलने के बाद उपभोक्ताओं को तीन माह के अंदर सिलिंडर को सरेंडर कर देना पड़ेगा। कनेक्शन के लिए स्थानीय गैस प्रदाता कंपनी की वेबसाइट पर आवेदन करना पड़ेगा। वहीं कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे। किराएदारों को मकान मालिक से अनापत्ति प्रमाणपत्र देना होगा।
आनंदनगर में 3 हजार घरों में हुआ कनेक्शन
आनंदनगर के निरनाम पूर्वी में 100 स्क्वायर मीटर जमीन मिली है। यहां करीब तीन हजारों घरों में कनेक्शन हो गया है। अगस्त में चालू भी हो जाएगा। वहीं महराजगंज के बैकुंठपुर में स्टेशन बनाने के लिए 190 स्क्वायर मीटर जमीन मिल गई है। बैकुंठपुर वाली जमीन का पैसा देना बाकी है बाकी सारी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
पीएनजी कनेक्शन के लाभ
पीएनजी, एलपीजी सिलिंडर के मुकाबले सस्ती पड़ती है। यह सीधे पाइपलाइन के जरिए आती है, जिससे बार-बार सिलिंडर बुक करने या खत्म होने का डर नहीं रहता है। इसे घर में स्टोर करने की आवश्यकता नहीं होती, जिससे यह अधिक सुरक्षित मानी जाती है।
वर्जन
आनंदनगर के निरनाम पूर्वी में 100 स्क्वायर मीटर जमीन चिह्नित की गई है। तीन हजारों घरों में कनेक्शन हो गया है। अगस्त में आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। महराजगंज के बैकुंठपुर में भी जमीन मिल गई है। यहां भी तेजी से काम चल रहा है।
-एपी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी