जिला परिषद मार्केट स्थित इण्डेन गैस सर्विस कार्यालय के सामने मंगलवार सुबह उपभोक्ताओं ने पास बुक लेकर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि गैस सिलिंडर बिना दिए गैस बुकिंग समाप्त कर दी जा रही है।
रसोई गैस नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बुकिंग समाप्त करके गैस नेपाल को भेजी जा रही है। दूर दराज के उपभोक्ता गैस बुकिंग समाप्त होने का मैसेज मोबाइल पर मिलने के बाद मंगलवार सुबह दस बजे से ही इण्डेन गैस सर्विस कार्यालय पहुंच गए।
एजेेंसी कर्मचारी उमेश प्रसाद से जब लोगों ने बुकिंग समाप्त होने की बात पूछी तो आरोप है कि वह अपशब्दों का प्रयोग करने लगे। इससे उपभोक्ता मैनेजर व कर्मचारी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। गैस एजेंसी के प्रोपराइटर चंद्रजीत भारती को सूचना दी गई। उन्होंने उपभोक्ताओं का पुन: गैस बुक करवा कर मामले को शांत कराया।
इस दौरान त्रियुगी कुमार पंत नगर, अनिल पांडे सक्सेना नगर, हनुमान प्रसाद सिविल लाइंस, कैलासी देवी पनियरा, तारा देवी पनियरा, सुनील गुप्ता लखिता थरूआ, रमा पांडे रूधौली भावचक व किशन कुमार सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
इस संबंध में गैस एजेंसी के मालिक चन्द्रजीत भारती का कहना है कि कंपनी से मोबाइल पर उपभोक्ताओं की बुकिंग समाप्त की जा रही है। लेकिन जिस उपभोक्ता की बुकिंग की डेट खत्म हो जा रही है वे पुन: बुक करा कर दो दिन के अंदर गैस प्राप्त कर लें।