परतावल। श्यामदेउरवां क्षेत्र के महुआ महुई में मंगलवार रात करीब 11:30 बजे एक युवक घर में सोया था। बगल के गांव के रहने वाला गैंगस्टर उसके दरवाजे पर आकर शराब पीने के लिए गिलास मांगने लगा। युवक के गिलास देने से मना करने पर गैंगस्टर दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया और युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी।
एक गोली युवक के बाएं हाथ में लगी है। घायल युवक को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। युवक की बहन के तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी गैंगस्टर को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 11.30 बजे परसिया इंदरपुर निवासी गैंगस्टर अजीत सिंह स्कूटी से महुआ महुई निवासी महेंद्र गौड़ के घर के बाहर पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाया तो महेंद्र ने अंदर से आवाज दी, बोला कि मैं सो रहा हूं। गैंगस्टर ने उससे शराब पीने के लिए गिलास व पानी की मांगी। महेंद्र ने गिलास देने से मना कर दिया। यह बात अजित को नागवार गुजरी। उसने घर का दरवाजा तोड़ दिया। अंदर घुसकर अवैध तमंचा से फायरिंग करना शुरू कर दिया।
इस दौरान महेंद्र के बाएं हाथ में गोली लग गई और वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे। मौका पाकर आरोपी अजित फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबिश देना शुरू किया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे विद्युत उपकेंद्र भटहट के पीछे स्थित नहर की पटरी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी तमंचा 12 बोर, दो जिंदा कारतूस और स्कूटी बरामद की है।
अजीत के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के मुताबिक, आरोपी अजित सिंह के खिलाफ गोरखपुर के गुलहरिया थाने में वर्ष 2012 में धारा 392, पिपराइच थाने में भी वर्ष 2012 धारा 394, 411 दर्ज हैं। इसके अलावा श्यामदेउरवां थाने में तीन केस दर्ज हैं। वर्ष 2020 में इस पर गैंगस्टर की भी कार्रवाई की गई है। स्थानीय थाने में उसके खिलाफ हत्या का प्रयास समेत कई केस दर्ज हैं।