महराजगंज। पवित्र श्रावण माह का पदार्पण हो चुका है। कल सावन का पहला सोमवार है, जिसमें बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री निकलेंगे और पवित्र तीर्थ से गंगा जल लेकर भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डाक विभाग ने घर बैठे गंगाजल पाने की सुविधा प्रभावी कर दी है।
इसके लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है और न ही अधिक पैसे चुकाने हैं। श्रद्धालु जनपद के किसी डाकघर में फोन से या स्वयं पहुंचकर गंगा जल ऑर्डर कर सकते हैं।
ऑर्डर करते समय कोई शुल्क भी नहीं देना होगा। 24 घंटे के भीतर आपके दर्ज कराए गए डाक पते पर फाइबर कमंडलु में सील गंगा जल विशेष डाक पहुंच जाएगा। कमंडलु में 250 एमएल गंगा जल होगा जिसके एवज में सिर्फ 30 रुपये शुल्क चुकाने होंगे।
सावन के पूरे एक माह तक शिव उपासना का दौर चलता है। इसमें हरिद्वार के गंगाजल से शिवालयों में अभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं, लेकिन गंगाजल लाने के लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। डाक विभाग ने घर बैठे गंगाजल मंगाने की व्यवस्था जनपद में प्रभावी कर दी है।
यह सुविधा सभी डाकघरों में शुरू कर दी गई है। साथ ही प्रधान डाकघर सहित फरेंदा, घुघली, सिसवां, निचलौल, नौतनवा, ओड़वलिया डाकघर पर ऑर्डर की पहली खेप शनिवार को हरिद्वार से पहुंच गई जिसका ऑर्डर सावन के पहले दिन लोगों ने की। डाकिया इसे दर्ज पते पर पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
सावन में चार सोमवार हर बार विशेष योग
आचार्य विंध्यवासिनी पांडेय के मुताबिक इस बार सावन में चार सोमवार पड़ रहे हैं। प्रत्येक सोमवार एक अलग व दुर्लभ योग बन रहा है। पहला सोमवार 14 जुलाई को पड़ रहा जो अत्यंत शुभ है क्योंकि इस दिन चतुर्थी पड़ रही है जो प्रथम पूज्य गणेश जी को समर्पित है। साथ ही धनिष्ठा नक्षत्र और आयुष्मान योग फलदायी है। दूसरा सोमवार 21 जुलाई को है जिसकी तिथि एकादशी है जो श्री हरि को समर्पित माना जाता है। इस सोमवार को गौरी व सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है। 28 जुलाई को तीसरा सोमवार है और तिथि चतुर्थी ही है। सिंह राशि में चंद्रमा इस दिन जा रहा है, जिससे इस दिन मंगल व शनि शांति, काल सर्प से मुक्ति देने वाली है। चार अगस्त को आखिरी सोमवार पड़ रहा है। इस दिन चंद्रमा अनुराधा नक्षत्र में विशेष फलदायक है।