सिंदुरिया। चौक व निचलौल थाना क्षेत्र के छह गांवों में दूरसंचार व्यवस्था के लिए लगे टावर की पावर सप्लाई की केबल तार को बीते कुछ दिनों से अज्ञात चोर काट ले जा रहे हैं। जिससे टावर पर तैनात टेक्नीशियन व अन्य कर्मचारियों को व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टावर टेक्नीशियन पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मिठौरा, बरवाकला में इंडस कंपनी व विशुनपुरा में एटीसी कंपनी, निचलौल थाना क्षेत्र के बरोहिया एवं चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी व पड़री कला में भी दूरसंचार व्यवस्था के लिए इंडस कंपनी के टावर लगे हुए हैं। जिस पर निजी कंपनियों के नेटवर्क संबंधित उपकरण लगा हुआ है। सभी टावर पर पावर सप्लाई के लिए लगे कापर युक्त केबल तार को बीते कुछ दिनों से अज्ञात चोर काटकर ले जा रहे हैं।
संबंधित टावर के टेक्नीशियन शिवकुमार चौधरी, संजीव राव, विशाल यादव, शैलेन्द्र सिंह व गिरजेश गुप्ता ने बताया कि टावरों पर पावर सप्लाई के लिए लगे तांबे के तारों पर कुछ चोरों की नजर पड़ गई है। उनके द्वारा विद्युत स्थिर रखने के लिए लगे बैटरी चार्ज करने वाली कापर केबल को बड़ी होशियारी से काट लिया जा रहा है। जिससे विद्युत आपूर्ति ठप होते ही टावर प्लांट की साइट डाउन हो जाता है। अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।