गणेश चतुर्थी: विघ्नहर्ता गणपति की पूजा-अर्चना शुरू
जिले में 10 दिवसीय गणेश उत्सव का उत्साह, पंडाल में सजी सिद्धि विनायक की प्रतिमा
महराजगंज। जनपद में बुधवार को श्रद्धापूर्वक सिद्धिदाता, विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पूजा अर्चना शुरू गई। गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है।
भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि बेहद महत्वपूर्ण मानी गई है। यह तिथि भगवान गणेश को समर्पित है, इस दिन गणपति बप्पा का जन्म दिवस मनाया जाता है। हिंदू धर्म शास्त्रों के अनुसार, भाद्रपद के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर गणपति बप्पा का जन्म हुआ था। श्री श्री गणेश पूजा बालक समिति जिला परिषद मार्केट के सदस्य अरुण, प्रिंस, हरिओम, आर्यन, आकाश, राहुल, सागर, अजय, रियाज, बेलाल आदि ने बताया कि गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है।
पोस्ट आफिस मोहल्ले में गणेश प्रतिमा पंडाल में स्थापित की गई है। गणेश चतुर्थी से प्रारंभ होने के बाद गणेश उत्सव पूरे 10 दिन तक मनाया जाता है। गणेश चतुर्थी तिथि पर लोग अपने घरों में शुभ मुहूर्त पर भगवान गणेश की स्थापना करते हैं। 10 दिनों तक विधि विधान से श्रद्धालु विघ्नहर्ता गणेश की पूजा करते हैं और दसवें दिन उनकी प्रतिमा को पवित्र नदी, सरोवर या झील में विसर्जित करते हैं।
मां पीतांबरा जनकल्याण ज्योतिष केंद्र के संरक्षक डॉ.ओम प्रकाश मणि त्रिपाठी ने बताया कि गणेश चतुर्थी का पर्व बुधवार को भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्थी तिथि अर्थात 31 अगस्त से प्रारंभ होकर 9 सितंबर 2022 तक धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि घर में भगवान गणेश की मूर्ति को ईशान कोण में स्थापित करना उत्तम होता है। गणेश मूर्ति स्थापना विधि गणेश चतुर्थी के दिन शुभ मुहूर्त में स्नान करने के पश्चात नई चौकी लें और इसे गंगाजल से शुद्ध करें।
----
गणपति पूजा से पहले निकली कलश यात्रा
गजरहा में बुधवार को गणपति पूजा से पहले कलश यात्रा निकाली गई। भक्ति गीतों पर थिरकते युवाओं की टोली डूड़ी नदी पहुंची। यहां से जल भरकर सभी श्रद्धालु मंडप में पहुंचे। इस मौके पर प्रदीप कुमार प्रजापति, कमलेश यादव, लालू चौहान, परशुराम प्रजापति आदि मौजूद रहे। संवाद
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने की पूजा-अर्चना
सिसवा बाजार। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने मलवरी कॉन्वेंट स्कूल में भगवान श्री सिद्धि विनायक गणेश की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर उन्हें भजन गायक अमित अंजन के साथ बच्चों ने स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। प्रबंधक शुभ्रा सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। संवाद