महराजगंज। दिवाली पर अपने गांव घर लौटने वाले लोगों को परेशानी न हो इसके लिए परिवहन निगम ने कमर कस ली है। लखनऊ व वाराणसी रूट पर जहां महराजगंज डिपो ने 25 अक्तूबर से एक-एक बस अतिरिक्त लगा दीं हैं। वहीं मंगलवार से लोकल रूट पर भी बसों के फेरे बढ़ा दिए जाएंगे। इस व्यवस्था के तहत डिपो से फरेंदा, निचलौल, पनियरा व गोरखपुर आना-जाना आसान हो जाएगा।
मंगलवार से 10 नवंबर तक दिन-रात रोडवेज की बसें लगभग हर लोकल रूट पर यात्रियों को मिलेंगी। लोकल रूट पर 17 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इस दौरान रोडवेज कर्मियों का अवकाश भी निरस्त रहेगा। रोडवेज कर्मियों को उनके कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। जनपद उद्योग शून्य होने के कारण लोग अन्य जिलों और दूसरे राज्यों में जीविका कमाते हैं। उच्च और तकनीकी शिक्षा के लिए विद्यार्थी भी प्रयागराज, वाराणसी व लखनऊ, कानपुर रहकर अध्ययन करते हैं। दीपावली अधिकतर लोग अपने परिवार के साथ मनाने के लिए लौट रहे हैं। बाहरी रूट की रोडवेज बसों की भीड़ देखकर महराजगंज डिपो ने लोकल रूट पर बसों को बढ़ा दिया है।
महराजगंज डिपो के एआरएम सर्वजीत वर्मा ने बताया कि लोकल रूट पर 17 बसों को मंगलवार से चलाया जाएगा। इसमें गोरखपुर, निचलौल, फरेंदा, पनियरा व बृजमनगंज शामिल हैं। 28 अक्तूबर से अग्रिम आदेश तक चालक, परिचालक व कार्यशाला कर्मियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। 29-10 नवंबर तक बसें निरंतर संचालन में रहेंगी। योजना के तहत संविदा चालकों और परिचालकों को 13 दिवस कार्य करने पर 5200 रुपये व 12 दिवस कार्य करने पर 4200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं कार्यशाला कर्मियों को 13 दिवस में 2100 रुपये व 12 दिवस में 1800 रुपये का प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं निर्धारित किलोमीटर से अधिक बस संचालन पर संविदा कर्मियों को 0.55 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान दिया जाएगा।