शहर से लेकर गांव तक सड़कों पर जल ही जल
लेदवा गांव को जाने वाली सड़क पर भर गया है पानी
शहर के कालेज रोड के किनारे दुकानों में घुसा पानी
महराजगंज। जिले में बारिश की वजह से शहर से लेकर गांव तक की सड़कों पर पानी भर गया है। इस कारण लोगों को आने-जाने में समस्या हो रही है। रविवार सुबह हल्की बारिश हुई, इसके बाद नहीं हुई। कलेक्ट्रेट परिसर में तमाम जगहों पर पानी भरा है। बीते 24 घंटे में जिले में 55 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
शहर में कोतवाली परिसर, दुर्गा मंदिर से आगे सड़क के किनारे सब्जी की दुकान लगवाने वालों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। नाली ओवरफ्लो होने के कारण सड़क के किनारे पानी भर गया है। इस कारण दुकानें नहीं लग पा रही हैं।
ग्राम पंचायत लेदवां से महराजगंज-निचलौल जाने वाली सड़क पर दो फीट तक पानी भर गया है। इससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा सिंदुरिया और पतरेंगवा के टोला शीतलापुर स्थित एएनएम सेंटर के बाहर पानी भर गया है।
परसा मलिक क्षेत्र के सीमावर्ती रेहरा गांव से होकर बहने वाला बघेला नाला उफन रहा है। इससे आसपास के खेतों की धान की फसल डूब गई है। बघेला नाले का पानी रेहरा, महुलानी, बेलभार, मनिकौरा, विषखोप, परसा, भरटोलिया गांवों के सिवान में बढ़ने लगा है। किसान महबूब अली, रामअवध मौर्य, दयाराम यादव, मोईन खान ने बताया कि खेतों में जलभराव हो गया है। इससे फसल को नुकसान हो सकता है।
खेत में भरा पानी, किसान परेशान
पनियरा। रोहिन नदी के जर्दी डोमरा बांध पर लक्ष्मीपुर गांव के लठिअहवा टोले के पास रेगुलेटर से नदी का पानी खेतों में आने से किसान चिंतित हो गए हैं। क्षेत्र के सुरेश यादव, अर्जुन सहानी, बिल्ला, मनोज, रामकेश, इंद्रदेव पांडेय, सनोज आदि ने कहा कि अधिक दिनों तक खेतों में जलभराव रहा तो फसल खराब हो जाएगी। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता सुग्रीव मल्ल का कहना है कि आठ श्रमिकों को लगाकर बोरी में मिट्टी भरवाकर रेगुलेटर से निकल रहे पानी रोकने के लिए प्रयास किया गया है। बांध की सुरक्षा पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। संवाद