विभागीय लापरवाही से चार माह से ठप है सुविधा, 52 हजार से अधिक महिलाओं पर असर
गर्भवती महिलाओं को नहीं मिल पा रही निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा
महराजगंज। सरकार भले ही गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं चला रही हो लेकिन विभागीय उदासीनता इन योजनाओं की सफलता में रोड़ा बन रही है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवतियों को निशुल्क अल्ट्रासाउंड उपलब्ध कराने की सुविधा बीते चार माह से ठप है। गर्भवती महिलाओं को निजी सेंटरों पर 600 से 800 रुपये खर्च कर अल्ट्रासाउंड करवाना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 17 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और दो अर्बन पीएचसी संचालित हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत पंजीकृत गर्भवती महिलाओं को सीएचसी स्तर पर अधिकृत सेंटरों पर निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा दी जाती है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 425 रुपये का ई-रुपी वाउचर जारी किया जाता है। इसके माध्यम से गर्भवती महिलाएं चिह्नित अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर जांच कराती हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल में 21 अगस्त से चल रहे अपडेट के कारण वाउचर जनरेट नहीं हो पा रहे हैं। वाउचर न मिलने से सेंटर संचालकों ने निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा रोक दी है। इस समस्या से जिले की 52,118 पंजीकृत गर्भवती महिलाएं प्रभावित हो रही हैं।
एफएएमएस बंद, स्पर्श पोर्टल शुरू करने की तैयारी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभी तक ई-रुपी वाउचर का भुगतान और क्यूआर कोड सिस्टम एफएएमएस पोर्टल के माध्यम से संचालित होता था। विभाग एफएएमएस पोर्टल को बंद कर नए स्पर्श पोर्टल को शुरू करने की तैयारी में है। लेकिन पिछले चार महीनों से अपडेट प्रक्रिया पूरी न होने के कारण मामला अटका हुआ है। इसी वजह से अल्ट्रासाउंड सेंटरों को भुगतान नहीं हो रहा है और वाउचर जनरेट करने के लिए आवश्यक तकनीकी सुविधा भी बंद है।
फोटो.....
निशुल्क सुविधा बंद होने से परेशानी हो रही है। बीते दिन अल्ट्रासाउंड कराने के लिए रकम खर्च करनी पड़ी। निशुल्क सुविधा कब शुरू होगी, इसके बारे में सटीक जानकारी नहीं है।
-नंदिनी, ग्राम धर्मपुर
पहले सीएचसी से वाउचर लेकर नजदीकी अधिकृत सेंटर पर बिना खर्च किए अल्ट्रासाउंड होता था लेकिन अब चार महीनों से रकम खर्च करनी पड़ रही है।
-शशि प्रभा, श्यामदेउरवा
निशुल्क अल्ट्रासाउंड सुविधा पोर्टल अपडेट होते ही शुरू हो जाएगी। स्वास्थ्य विभाग एफएएमएस पोर्टल को बंद कर सैन स्पर्श पोर्टल को शुरू करने जा रहा है। बीते एक माह से पोर्टल अपडेट नहीं हुआ है और भुगतान नहीं हो रहा है। जल्दी ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
-डॉ. राजेश द्विवेदी, डिप्टी सीएमओ