महराजगंज। सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से रविवार को नगर स्थित समेकित बाल विद्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जरूरतमंद दिव्यांगजन को निशुल्क ट्राई साइकिल, वॉकर, छड़ी और श्रवण मशीनें वितरित की गईं। शिविर में 100 ट्राइसाइकिल, 200 वैशाखी, 36 ह्वील चेयर, 28 ईयर एड, 20 वाकर, 15 स्मार्ट केन सहित कुल 399 उपकरण दिव्यांजनों को वितरित किया गया। मुख्य अतिथि पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी व्यक्ति असहाय महसूस न करे और सभी को समान अवसर मिले। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें सम्मान व सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। इस दौरान संजय पांडेय, बबलू यादव, गौतम तिवारी बैजनाथ पटेल आदि मौजूद रहे।