मिठौरा। सिंदुरिया क्षेत्र के ग्राम सभा परसाचक गोबरही निवासी मुस्ताक ने विदेश भेजने के नाम पर दो लोगों पर 99 हजार की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। मुश्ताक अहमद की तहरीर के अनुसार, उनका बेटा शाह तबरेज रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश जाने की तैयारी में था। इसकी जानकारी लक्ष्मीपुत्र टोला नरायनपुर थाना कप्तानगंज जिला कुशीनगर निवासी व्यक्तियों को हुई तो वह 10 अक्तूबर 2023 को घर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि वह एजेंट हैं और लोगों को विदेश भेजते हैं। उनको पासपोर्ट व अन्य कागजात दे दिए। विभिन्न तिथियों में 99,499 रुपये उनके खाते में भेज दिया। लखनऊ बुलाकर इधर-उधर घुमाते रहे। बाद में एजेंट से कहा कि तीन सप्ताह बाद उड़ान होगी। मिले वीजा की कापी की जांच हुई तो पता चला कि उक्त वीजा फर्जी है। धोखाधड़ी करके जाली व फर्जी कूटरचित वीजा देकर रकम हड़प लिया। थाना प्रभारी सिंदुरिया अखिलेश वर्मा के अनुसार आरोपी नाजिम खान व अबरार निवासी लक्ष्मीपुत्र टोला नरायनपर जनपद कुशीनगर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। संवाद