महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के मुजुरी-पनियरा मार्ग पर कुआचांप में एचपी पेट्रोल पंप के पास सोमवार को शाम करीब साढ़े पांच बजे तीन तेज बाइकें एक दूसरे से टकरा गईं। हादसे में तीनों बाइक पर सवार चार युवक बुरी तरह घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें पीएचसी पनियरा भिजवाया गया। चारों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार जंगल बड़हरा निवासी अमित (23) व अमरजीत (33) जंगल बड़हरा से बाइक पर सवार होकर मुजुरी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने आ रहे अच्छेलाल (24) निवासी मेंहदावल, संतकबीरनगर और गोलू (24) निवासी मुजुरी की बाइकों की उक्त स्थान पर जबर्दस्त टक्कर हो गई। बाइकों की रफ्तार इतनी तेज थी कि टकराने के बाद तीनों बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने चारों को एंबुलेंस बुलाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा भिजवाया। डॉक्टरों ने गम्भीर हालत देखकर चारों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मामले में पूछने पर एसओ पनियरा कुंअर गौरव सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। चारों घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया गया है।