महराजगंज। पुलिस ने ऑनलाइन बाल अश्लील सामग्री के अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और सिंदुरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, कंप्यूटर उपकरण, फर्जी आधार कार्ड और आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री बरामद की है।
सभी आरोपी जनपद के कसमरिया के हैं और इनकी उम्र 19 से 20 वर्ष है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम और एक्स पर फर्जी और गुप्त यूजर आईडी बनाकर बाल अश्लील फोटो एवं वीडियो का संग्रह, प्रसार और अवैध कारोबार करते थे। आरोपियों का उद्देश्य इस आपत्तिजनक सामग्री के माध्यम से धन कमाना था। अपनी पहचान छिपाने के लिए उन्होंने फर्जी आधार कार्ड भी तैयार कर रखे थे। इसका उपयोग नया सिम लेने और साइबर गतिविधियों में किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कसमरिया निवासी आकाश शर्मा (19), अरुण गौड़ (20), अनुज पटेल (19) और दिनेश गौड़ (19) के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार मोबाइल फोन, एक डेस्कटॉप, एक सीपीयू, एक माउस, तीन डेटा केबल, एक इलेक्ट्रिकल एक्सटेंशन बोर्ड, एक फर्जी आधार कार्ड तथा 12 आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो के स्क्रीनशॉट बरामद किए हैं। चारों आरोपियों के विरुद्ध आईटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
साइबर थाना प्रभारी सजनू यादव ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की बाल शोषण या अश्लील सामग्री को न देखें, न डाउनलोड करें और न ही साझा करें।
किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर दें। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखने और उन्हें सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया है।