ठूठीबारी। नेपाल में अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। नेपाल के पोखरा के चाउथे में संदिग्ध परिस्थितियों में दो मंजिला मकान में आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।
मंगलवार रात चाउथे स्थित प्रगति टोले में सीता राना घर वालों के साथ खाना खा कर सोने के लिए चली गईं। बुधवार सुबह आस पास के लोगों ने जब मकान के तरफ देखा तो धुआं निकल रहा था। खिड़की में लगे शीशे काले पड़े देख लोगों ने आवाज दी। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने घर का दरवाजा खोला तो सीता राना, गंगा कुमारी, सीता की बहन की बेटी बसंती का शव एक जगह मिला। कुछ दूरी पर बेटे हेमंत राना का शव दरवाजे के पास पड़ा मिला। डीएसपी बजुसिद्वि वज्राचार्य का कहना है की शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।
दूसरी घटना नवलपरासी जिले में हुई। अरुनखोला दुमकी बास के बीच एक तेज रफ्तार सवारी बस ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। मंगलवार रात पोखरा से बस दिल्ली जा रही थी। बाइक सवार नवलपरासी के मध्यबिंदु नगरपालिका वार्ड आठ के रवि भंडारी और सोही के ओमप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई।