महराजगंज। थाना क्षेत्र के पनियरा-मुजुरी मार्ग पर करमहिया तिराहे के पास बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े तीन बजे बाइक और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
घायल मंदीप निषाद निवासी अकटहवा डोमरा ने बताया कि वह अपने भाई अमित और बहन सावित्री को बाइक से श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के पिपरा अन्हया गांव से घर लेकर जा रहा था। इसी दौरान करमहिया तिराहे पर मुजुरी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में सावित्री गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि मंदीप का दाहिना पैर टूट गया। अमित को भी चोटें आईं।
इसी दौरान पनियरा की ओर जा रहे गिरगीटिया निवासी हेमंत पुत्र सुदामा भी ऑटो की चपेट में आकर घायल हो गए। उनके सिर और कंधे में गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकों ने मंदीप, सावित्री और हेमंत को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।