नौतनवा-ठूठीबारी मार्ग पर पेड़ारी चौराहे के पास हुआ हादसा
प्राथमिकी उपचार के बाद चारों घायलों को किया गया रेफर
परसामलिक। स्थानीय थाना क्षेत्र के नौतनवा-ठूठीबारी मार्ग पर पेड़ारी चौराहे से पूरब दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चार बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से चारों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी रतनपुर भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने चारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, पेड़ारी चौराहे से अपनी बाइक से शिवपुरी गांव निवासी गयासुद्दीन (45) व पुत्र अरजुल्लाह (16) घर जा रहे थे। इसी बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक पर सवार ग्राम पंचायत रेहरा निवासी शाहिद अली (18) और संदीप पासवान (18) से आमने-सामने उनकी टक्कर हो गई। हादसें में चारों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को एम्बुलेंस सीएचसी रतनपुर भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं परिजनों ने शिवपुरी निवासी पिता-पुत्र गयासुद्दीन व अरजुल्लाह को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया है, जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
उधर रेहरा गांव के घायल शाहिद अली व संदीप पासवान के परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल न ले जाकर नेपाल के रूपनदेही जिला के पकलिहवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। वहां उनकी भी हालत नाजुक बनी हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने कार्रवाई की जाएगी। संवाद