ग्राम प्रधान, रोजगार सेवक समेत चार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
मनरेगा से कराए कार्य के भुगतान में अनियमितता की शिकायत
पनियरा क्षेत्र की ग्रामसभा औरहिया का मामला, जांच में खुलासा
पनियरा/मुजुरी। क्षेत्र के औरहिया ग्रामसभा में मनरेगा से कराए गए कार्य के भुगतान में अनियमितता की शिकायत पर सोमवार को ग्राम प्रधान, रोजागर सेवक और दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान व रोजगार सेवक ने किसी और के मनरेगा जॉब कार्ड पर किसी दूसरे को मजदूरी का भुगतान कर दिया है। बीडीओ पनियरा के निर्देश पर ग्राम सचिव अभिषेक पांडेय ने पनियरा थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र की ग्रामसभा औरहिया में मनरेगा से कराए गए मिट्टी के कार्य में किसी और के जॉब कार्ड पर दूसरे को मजदूरी का भुगतान करने का मामला सामने आया है। इस मामले में मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त व डीएम से शिकायत हुई थी। मंडलायुक्त ने मामले में जांच के लिए सीडीओ को निर्देश दिया था। शिकायतकर्ता पारस के मुताबिक कुछ दिनों पहले गांव के टोला रायपुर में क्षेत्र पंचायत द्वारा रायपुर से ग्राम पंचायत अइबड़हवां मां बामत के स्थान तक मिट्टी का कार्य कराया गया है। दशरथ के खेत से अमहवां नाला तक मिट्टी का कार्य करवाकर भुगतान कराया है।
उन्होंने मस्टरोल व जॉब कार्ड में फर्जीवाड़ा कर शासकीय धन का गबन करने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता ने सभी का ब्योरा दिया है। बीडीओ डॉ. सुशांत सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी की तहरीर पर ग्राम प्रधान विंद्रावती देवी, रोजगार सेवक रामयज्ञ, शकुंतला व सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
----
मजदूरों का बयान दर्ज किया
पनियरा। ग्रामसभा औरहिया में मनरेगा में फर्जी भुगतान के मामले में सोमवार को तीन सदस्यीय टीम जांच करने पहुंची। मनरेगा मजदूरों से पूछताछ कर लोगों का बयान दर्ज किया। तीन सदस्यीय टीम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह, एडीओ कोआपरेटिव वरुणेंद्र शाही व एपीओ मनरेगा अवनीश शुक्ला रहे। एपीओ मनरेगा ने बताया कि सभी जॉब कार्ड धारकों का उपस्थित रजिस्टर, मस्टररोल की छानबीन हुई है। उन्होंने बताया कि जांच की रिपोर्ट सीडीओ को प्रेषित की जाएगी। संवाद
ग्राम प्रधान, ग्राम रोजगार सेवक पर गबन का मुकदमा
मिठौरा। क्षेत्र की ग्रामसभा गौनरिया राजा के ग्राम प्रधान व ग्राम रोजगार सेवक के विरुद्ध रविवार देर रात ग्राम विकास अधिकारी मिठौरा की तहरीर पर चौक थाने की पुलिस ने गबन का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके पूर्व विकास खंड मिठौरा, सिसवा व निचलौल में मनरेगा में धांधली हो चुकी है और जांच के बाद अधिकारियों के निर्देश पर संबंधित के विरुद्ध मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
इस तरह का मामला विकास खंड मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा गौनरिया राजा में प्रकाश में आया है। ग्राम विकास अधिकारी की तहरीर पर चौक पुलिस ने ग्राम प्रधान व रोजगार सेवक के खिलाफ सरकारी धन गबन करने का मामला दर्ज किया है। ग्राम विकास अधिकारी बालमुकुंद पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान कृष्ण वर्मा व ग्राम रोजगार सेवक संतोष के विरुद्ध केस दर्ज किया है। तहरीर के अनुसार गांव के ही एक मृत व्यक्ति के खाते में मनरेगा का पैसा भेजने का मामला प्रकाश में आया है। थानाध्यक्ष चौक श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि ग्राम प्रधान व रोजगार सेवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद