मानदेय के लिए आशा वर्करों ने दिया धरना
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। प्रोत्साहन राशि के बदले निश्चित मानदेय दिए जाने सहित अन्य मांगों के समर्थन में आशा कार्यकत्री एसोसिएशन की जिला इकाई ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों के प्रति अविलंब ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
धरना स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से स्वास्थ्य विभाग की योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। इसके बावजूद सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। प्रांतीय अध्यक्ष जमीरून निशा ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की मातृत्व वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, जेई उन्मूलन, टीबी उन्मूलन आदि कार्यक्रमों की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभा रही हैं। इसके बावजूद उन्हें प्रोत्साहन राशि भी ठीक ढंग से नहीं मिल पा रही है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि के बदले में निश्चित मानदेय दिए जाने की मांग की। ताकि उनकी माली हालत में सुधार हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि दीपावली तक मानदेय की घोषण नहीं की गई तो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू किया जाएगा। जिला संयोजक जयराम भारती ने कहा कि आशा कार्यकर्ता सभी कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से करने का प्रयास करती हैं लेकिन जो प्रोत्साहन उन्हें दी जाती है वह भी समय से नहीं दी जा रही है। इस मौके पर रीता तिवारी, सुनीता गुप्ता, ज्ञानती देवी, हिना पासवान, विमला, सरस्वती, कालिंदी, साधना, पूनम आदि मौजूद रहीं।