सिसवा बाजार। रॉयल स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित ठाकुर यादवेंद्र सिंह स्मारक आठ दिवसीय ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता का सेमी फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को खेला गया। पहले मैच में पटना ने कानपुर को दूसरे में असम ने नेपाल को ट्राई ब्रेकर में शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा।
पहला सेमीफाइनल मैच अखंड इलेवन क्लब पटना-बिहार व एएफसी क्लब कानपुर-यूपी के बीच 80 मिनट का खेला गया। पहले हॉफ तक दोनों टीमों के तरफ से कोई भी गोल नहीं कर सका। मध्यांतर बाद 75वें मिनट में पटना के खिलाड़ी सूरज ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
आखिरी क्षणों तक कानपुर की टीम गोल नहीं कर सकी और पटना की टीम ने फाइनल में जगह पक्की कर ली। वहीं दूसरा मुकाबला एमएससी क्लब तिनसुकिया-असम व बारा-नेपाल के बीच खेला गया। दोनों टीमें गोल के लिए जोर-आजमाइश करती रही लेकिन किसी भी टीम के तरफ से कोई गोल नहीं हुआ। ट्राई बेकर में आसाम ने 5-4 से मैच जीत लिया। मैच में निर्णायक की भूमिका नूरुद्दीन अंसारी व लाइनमैन की भूमिका जमाल अख्तर व रसीद अहमद ने निभाई। इस दौरान शकील अहमद, फरीद अहमद, विवेक चौरसिया, अनस अहमद, हासिम मौजूद रहे।