महराजगंज। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार को नगर के पुरैना खंडी व सिसवा बाजार में संचालित प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मंगलवार को फ्लोर मिल पुरैना खंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहां से आटा एवं मैदा का सैंपल लिया। इसके बाद टीम सिसवा बाजार स्थित एक फूड प्रोडक्ट की दुकान पर पहुंची। जहां से गेहूं के आटे का सैंपल लिया। इस बाबत प्रभारी सहायक आयुक्त खाद्य)-2 केके उपाध्याय ने बताया कि जांच के लिए भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट में अगर खाद्य पदार्थ मानक के अनुसार नहीं मिला तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह एवं पवन गौड़ मौजूद रहे।