जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का किया शुभारंभ
महराजगंज। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। परिवहन विभाग के तत्वावधान में 01 जनवरी से लोगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी ने जनपद के निवासियों को नव वर्ष की ढेर सारी शुभकामनाओं के साथ अपील की कि वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दिशा निर्देशों का पालन करें। लापरवाही से वाहन का संचालन न करें। स्वयं और राहगीरों के साथ-साथ अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना सबकी जिम्मेदारी है और इसका उल्लंघन दंडनीय है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मनोज सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह का आयोजन आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पैदा करना है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
रैन बसेरे में ठहरे यात्रियों से संवाद कर जाने व्यवस्था का हाल
महराजगंज। ठंड के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा बुधवार को देर रात जिला अस्पताल परिसर में रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरे में ठहरे यात्रियों से संवाद कर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। रैन बसेरे में कुल 43 यात्री आवासित पाए गए। जिलाधिकारी ने रैन बसेरे में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं सोने की सुविधाओं का जायजा लिया। रैन बसेरे में ठहरे जरूरतमंद यात्रियों को कंबल का वितरण किया। जिला अस्पताल परिसर में ठंड से बचाव के लिए दो अतिरिक्त स्थलों पर अलाव जलाने के लिए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया।