खुखुंदू। थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग गांवों में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में कहासुनी होते-होते मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान किया है।
भरौली गांव में शीला देवी पत्नी श्रवण चौहान का पड़ोसियों से पहले से चल रहे केस को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने शीला देवी को हिरासत में ले लिया। अमवा पांडेय गांव में भी दीनानाथ प्रसाद का पहले से चल रहे केस को लेकर पड़ोसी से विवाद हो गया। पुलिस ने इन्हें भी हिरासत में ले लिया।
बरडीहा गांव में मनीष यादव और विकास यादव के बीच आपसी कहासुनी को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। पुलिस ने मनीष यादव, शुभनारायण यादव और दूसरे पक्ष से विकास यादव को हिरासत में लेकर सभी का शांतिभंग में चालान किया है। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि पांचों आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर कार्रवाई की गई है।