महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री के स्वागत कार्यक्रम में लोगों की जेब काटने वाले अंतरराज्यीय गैंग के पांच आरोपियों को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चुराए गए रुपये भी बरामद हुए हैं। अब तक की जांच और पूछताछ में आरोपियों को बेहद शातिर होने की बात सामने आई है। आरोपी अलग-अलग जनपदों में कार से जाकर वारदात करते थे। पुलिस ने पांचों को न्यायालय में पेश किया जहां से उनको जेल भेज दिया गया। उनके ऊपर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, बीते चार जुलाई को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के स्वागत कार्यक्रम में आए लोगों के जेब से जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्र में कई जगहों से रुपये चोरी हुए थे। घटना के संबंध में थाना कोठीभार में धारा 303 (2) बीएनएस पंजीकृत किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दीं। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने सोमवार को बेलवा घाट से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने एक चार पहिया वाहन 41570 रुपये, पांच मोबाइल फोन के साथ त्रिलोकपुर थाना बासी जनपद सिद्धार्थनगर निवासी अरबाज शाह, सिकटौर मानीराम थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर निवासी अब्दुल हमीद, रामगुलाम टोला थाना कोतवाली जनपद देवरिया निवासी ज्ञान प्रकाश उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव, फुटहवा इनार थाना चौरी चौरा जनपद गोरखपुर निवासी प्रदीप मद्धेशिया, सिन्धी मिल काॅलोनी थाना कोतवाली जनपद देवरिया निवासी श्रीकांत को आपराधिक मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।