मिठौरा। रोहिन नदी में सोमवार को बड़ी संख्या में मछलियां उतराती मिलीं। सुबह होते ही मछलियां बटोरने के लिए नदी किनारे लोगों की भीड़ जुट गई। कोई जाल तो कोई झोला लेकर मछलियां समेटने में जुटा रहा। वहीं, नदी से उठ रही तेज दुर्गंध से आसपास के गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। मछलियों की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर, दक्षिणी चौक और पकड़ी रेंज से जुड़े रोहिन नदी क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मछलियों का शिकार करने के लिए नदी में कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ डाला जाता है। ग्रामीणों का दावा है कि हर महीने ऐसी घटनाएं होती हैं, लेकिन इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
इस संबंध में प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे ने बताया कि यदि नदी में विषाक्त पदार्थ डालने का मामला सामने आया है तो इसकी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।