सिंदुरिया। कोतवाली थाना क्षेत्र की ग्राम सभा बरगदवा राजा में सोमवार की दोपहर एक झोपड़ी में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरी झोपड़ी आग की लपटों में घिर गई। आग से घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय फूलबदन की झोपड़ी में चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान किसी कारणवश झोपड़ी में आग लग गई और कुछ ही पलों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटों के में झोपड़ी में रखा खाद्यान्न, कपड़े, बिस्तर, बर्तन, चारपाई सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक झोपड़ी में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। इस घटना से पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।