-चार घंटे मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने पाया काबू, आग के कारणों का नहीं चल सका पता
संवाद न्यूज एजेंसी
सिंदुरिया/मिठौरा। मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे पनेवा गांव के सिवान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से ग्राम सभा पनेवा-पनेई, लेदवा, पिपरा कल्याण, सिंदुरिया के किसानों की 100 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। अग्निशमन कर्मियों और ग्रामीणों के सहयोग से करीब चार घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
मंगलवार को दिन में एक बजे ग्राम सभा पनेवा-पनेई के सिवान में अचानक गेहूं की कटी फसल से अचानक धुआं उठने लगा। लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग की लपटें उठने लगीं। देखते देखते पनेवा पनेई गांव के पूरब सिवान के खेत धू-धू कर जलने लगा। आग की लपटे लेदवां, पिपरा कल्याण व पतरेगवां के सिवान तक पहुंच गईं। चारों तरफ आग ही आग दिखाई दे रहा था।
किसानों ने गेहूं की कटी और खड़ी फसल पर पानी का डालना शुरू किया। आग लगने से पिपरा कल्याण निवासी श्याम बिहारी दूबे, अवध बिहारी, कृष्ण बिहारी, योगेन्द्र मद्धेशिया, हरिदयाल, रामदरश, राजेन्द्र, गया दत्त दूबे, पिंटू दूबे, नारमुन अग्रहरि, शर्मा, टेगर, अनिल, पूरन, श्रीपत, अशोक, कम्मल यादव, धनई, छोटेलाल, रामप्रीत, अनिल, बृजकिशोर दूबे, नर्मदा दूबे आदि किसानों की फसल जलकर राख हो गई।
समय से नहीं पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी
आग लगने के बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी समय से नहीं पहुंची। इससे ग्रामीण भड़क उठे। आग लगने के डेढ़ घंटे बाद पहुंचे एसडीएम सदर रमेश कुमार ने मोर्चा संभाला। तहसीलदार सदर अमित सिंह, कानूनगो जनक राज, संबंधित ग्राम सभाओं के राजस्व टीम के साथ पहुंच कर ग्राम सभा में किसानों की जली गेहूं की फसल के सर्वे कराने के लिए ग्राम सभाओं में बैठक कर रिपोर्ट तैयार किया गया।
-
मुआवजे को लेकर ऑनलाइन आवेदन करें किसान
एसडीएम सदर रमेश कुमार ने बताया विकास खंड मिठौरा के जिन किसानों की गेहूं की फसल जली है। वे अपने ग्राम सभा के लेखपाल के पास मुआवजे की रकम के लिए ऑनलाइन आवेदन कर आवश्यक कागजात जमा कर दें। राजस्व टीम सर्वे कर रही है। रिपोर्ट आने पर ही किसानों के जले फसल का आकलन हो सकेगा।