महराजगंज। बृहस्पतिवार को दोपहर दीवानी कहचरी के पीछे ठंडल जल रहा था। तेज हवा के कारण आगे की लपटें कचहरी परिसर में चहारदीवारी तक पहुंचने लगीं। धुएं के गुबार से कचहरी परिसर में कुछ देर के लिए कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। यह देखकर अधिवक्ता समेत वादकारी दहशत में आ गए। सभी लोग परिसर से भागने लगे। करीब घंटे भर बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
दूसरी ओर सब्जी मंडी के पास भी आग लगी थी। बृहस्पतिवार को गेहूं के डंठल में लगी आग तेज पछुवा हवा से दीवानी न्यायालय परिसर तक पहुंची। थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें देख अधिवक्ताओं व वादकारियों में अफरातफरी मच गई। अधिवक्ताओं ने किसी तरह न्यायालय में मशीन को चालू करके आग बुझाने की कोशिश की। वहीं मौजूद लोगों ने झाड़ी से आग पर काबू पाया। सूचना पाकर फायरबिग्रेड की गाडियां पहुंची। करीब घंटे पर आग पर काबू पा लिया गया।
सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि गेहूं की डंठल में लगी हुई थी, मगर तेज पछुआ हवा के चलते धीरे-धीरे आग की लपटें न्यायालय परिसर तक पहुंची। कोई जनहानि नहीं हुई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी जसवीर सिंह ने बताया कि न्यायालय परिसर एवं सब्जी मंडी परिसर में आग लगने की सूचना मिलते ही दो फायर बिग्रेड की गाड़ियों को मौके भेजा गया था।
-
झोपड़ी में आग लगने से सारा सामान जल कर राख
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हेमछापर के संझाई टोले पर बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे खेत के डंठल की आग से रामचंद्र विश्वकर्मा की झोपड़ी में आग लगने से घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। रामचंद्र ने बताया कि दूसरे गांव के खेत में डंठल जलते हुए उनके गांव तक पहुंचा और उनके झोपड़ी आग लग गई। जिससे सारा सामान जल कर राख हो गया। संवाद
विजयपुर में आग ने मचाया तांडव, फर्नीचर की दुकान जलकर राख
बागापार। चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा विजयपुर में बृहस्पतिवार की दोपहर गेहूं के डंठल में लगी आग ने खूब तांडव मचाया। खेत से निकली आग के लपटें गांव तक पहुंच गई। आग की लपटें उठने पर आसपास के लोग आग बुझाने के लिए दौड़े, तब तक विजयपुर निवासी राजू विश्वकर्मा की फर्नीचर की दुकान जलकर राख हो गई। वहीं कई झोपड़ियां भी जल गईं।
जानकारी के अनुसार, चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा विजयपुर में गांव के पूरब सिवान में बृहस्पतिवार को दोपहर अज्ञात कारणों से गेहूं के डंठल में आग पकड़ ली। थोड़ी ही देर में आग की तेज लपटें गांव की तरफ बढ़ने लगी। आग की खबर से पूरे गांव में चीख पुकार मच गई। लोग अपने-अपने घरों से निकलकर आग बुझाने में जुट गए। जब तक लोग आग पर काबू पाते, तब तक विजयपुर निवासी राजू विश्वकर्मा की फर्नीचर की दुकान जलकर राख हो गई। पीड़ित राजू विश्वकर्मा ने बताया कि आग से 8 मशीनें, डेढ़ लाख रुपये की लकड़ी एवं लाखों रुपये की प्लाई जलकर राख हो गई है। लेखपाल अनुप्रिया चौरसिया ने बताया कि आग से हुई क्षति का आंकलन कर तहसील प्रशासन को भेज दिया जाएगा।
आग की चपेट में तीन झोपड़ी जलकर राख
बृजमनगंज। थाना क्षेत्र में अलग अलग तीन ग्राम सभाओं में बृहस्पतिवार की दोपहर तेज पछुवा हवा में अज्ञात कारणों से गेहूं के डंठल में आग लग जाने से तीन झोपड़ियां व आम के 28 पेड़ झुलस गए। ओलीबक्शपुर में सड़क किनारे बसे राजेश्वर की झोपड़ी में आग लगने से बिस्तर, कपड़े, राशन, सहित सभी सामान जल गए। फुलमनहां गांव के अनूपपुर में राजेंद्र की झोपड़ी जलकर राख हो गई। उसके बाद गेंहू की डंठल जलते हुए हाजी अबुबकर के आम के बगीचे में पहुंच गई जिससे फल लगे हुए 28 पेड़ झुलस गए। नयनसर गांव के हरसहायपुर में हफीजुल्लाह की झोपड़ी जल गई है। लेखपाल विश्वनाथ और नायब तहसीलदार अंकित कुमार पहुंचे। पीड़ित को शासन से मदद दिलाने का आश्वासन दिया। संवाद