परसामलिक। क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिपरहिया में सोमवार की दोपहर में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर फटने से आग लग गई। हादसे में दो मवेशी व चार बाइक सहित घर में रखे सामान जलकर राख हो गए। मौके पर पहुंची परसामलिक पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिपरहिया निवासी रामराज पटवा के पुत्र छोटेलाल पटवा की सोमवार को बारात नेपाल के टीकर गांव में जाने की तैयारी चल रही थी। दूल्हे का हल्दी रस्म कार्यक्रम चल रहा था। घर में मेहमानों के लिए गैस सिलिंडर पर खाना बन रहा था। अचानक गैस सिलिंडर में रिसाव होने से फट गया, जिससे घर में आग लग गई। आग लगने से घर में दुल्हन के लिए रखा कपड़ा, जेवरात व चार बाइक सहित घर में रखे 40 हजार रुपये जलकर राख हो गए। आग इतना विकराल रूप धारण कर लिया बगल के धर्मराज पटवा व गोरख साहनी के घर को चपेट में ले लिया। गोरख के घर के पशु बाड़ा में बंधे दो मवेशी झुलस कर मर गए। आग की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ग्रामीणों के साथ पंपिंग सेट मशीन से पानी चलाकर किसी तरह आग पर काबू पाया गया। आग की सूचना पर नौतनवा नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने की बात कही।
नौतनवा नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में रिसाव होने से सिलिंडर फटने के कारण आग लगी थी।